यह ब्लॉग खोजें

रविवार, 14 अक्तूबर 2018

सेवा की भावना-अनेक सद्गुणों के कारण मनुष्य जीवन की महत्ता मानी गई है | SANTMAT-SATSANG | SEWA | MAHARSHI MEHI SWA TRUST

सेवा की भावना
अनेक सद्गुणों के कारण मनुष्य जीवन की महत्ता मानी गई है। उनमें से एक महत्वपूर्ण गुण है-सेवा। एक-दूसरे के प्रति सद्भाव, एक दूसरे के व्यक्तित्व का आदर, समस्याओं को सुलझाने में सहयोग और समर्पण-ये सब सेवा के रूप हैं। ये अहिंसा और दया के ही विभिन्न पथ हैं। भगवान महावीर स्वामी का यह कथन महत्वपूर्ण है कि मेरी उपासना से भी अधिक महान है-किसी वृद्ध, रुग्ण और असहाय की सेवा करना। सेवा से व्यक्ति साधना के उच्चतम पद को भी प्राप्त कर सकता है। मानव में यदि परस्पर सहयोग की आकांक्षा नहीं है तो एक पत्थर और उसमें कोई अंतर नहीं रह जाता। एक पत्थर के टुकड़े को यदि हम तोड़ते हैं तो क्या पास में पड़े दूसरे पत्थर की कोई दया और संवेदना की प्रतिक्रिया होती है? परंतु यदि मानव के समक्ष ऐसा हो और यदि उसकी चेतनता विकसित है तो संवेदना अवश्य होगी। अगर ऐसी परिस्थितियों में मानव की चेतना में कोई अनुकंपन नहीं है तो उसमें प्राणों का स्पंदन भले ही हो, पर मानवीय चेतना का स्पंदन अभी नहीं हुआ है। आज समाज में मानवीय चेतना का स्पंदन भौतिकता के भार तले दमित होता जा रहा है। परिणामत: विश्व में आज आतंकवाद का बोलबाला हो रहा है। मनुष्य की चेतना आज पाशविक चेतना में परिवर्तित हो गई है। किसी संस्कृति में जीवन के संकल्प जितने विराट होंगे उतने ही उदात्त आदर्श होंगे। हमारी मानवीय चेतना भी उतनी ही विकसित होगी।

भारतीय संस्कृति में सेवा, समर्पण और सद्भाव के विराट आदर्श प्रस्तुत किए गए हैं। यहां व्यक्ति का मूल्यांकन धन-ऐश्वर्य और सत्ता के आधार पर नहीं, सेवा व सद्गुणों के आधार पर किया गया है। हमारा तत्वचिंतन यह नहीं पूछता है कि तुम्हारे पास सोने-चांदी का कितना ढेर है? बल्कि वह पूछता है कि तुमने अपने ऐश्वर्य को जन-जीवन के लिए कितना अर्पित किया है? पद एवं सेवा का उपयोग जनसेवा के लिए कितना किया है? हाथ का महत्व हीरे और पन्ने की अगूंठियां पहनने में नहीं, बल्कि हाथ से दान करने में है। सेवा से आत्मा में परमात्मा का दर्शन होता है। सेवा के लिए अपनी सुख-वृत्ति को तिलांजलि देनी पड़ती है। इस कारण सेवा एक बड़ा तप है। अपनी इच्छाओं का संयमन किए बगैर कोई कैसे किसी की सेवा कर सकता है? सेवा के लिए वैयक्तिक सुखों का त्याग करना पड़ता है। सेवा के समान कोई धर्म नहीं है। वास्तव में सेवा मानवता का सर्वोच्च लक्षण है।

।। जय गुरु ।।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

धन्यवाद!

सब कोई सत्संग में आइए | Sab koi Satsang me aaeye | Maharshi Mehi Paramhans Ji Maharaj | Santmat Satsang

सब कोई सत्संग में आइए! प्यारे लोगो ! पहले वाचिक-जप कीजिए। फिर उपांशु-जप कीजिए, फिर मानस-जप कीजिये। उसके बाद मानस-ध्यान कीजिए। मा...