यह ब्लॉग खोजें

बुधवार, 14 नवंबर 2018

धैर्य; | मनु भगवान ने धर्म के दस लक्षणों का वर्णन करते हुए धृति (धैर्य) को पहला स्थान दिया | SANTMAT=SATSANG

 धैर्य;
मनु भगवान ने धर्म के दस लक्षणों का वर्णन करते हुए धृति (धैर्य) को पहला स्थान दिया है। वास्तव में धैर्य का स्थान जीवन में इतना ही ऊँचा है कि उसे प्रारम्भिक सद्गुण माना जाए। हर एक कार्य कुछ समय उपरान्त फल देता है, हथेली पर सरसों जमते नहीं देखी जाती, किसान खेत बोता है और फसल की प्रतीक्षा करता रहता है। यदि हम अधीर होकर बोये हुए दानों का फल उसी दिन लेना चाहे तो उसे निराश ही होना पड़ेगा।

 लोग किसी कार्य को उत्साहपूर्वक आरम्भ करते हैं किन्तु फल की शीघ्रता के लिए इतने उतावले होते हैं कि थोड़े समय तक प्रतीक्षा करना या धैर्य धारण करना उन्हें सहन नहीं होता। अपितु प्रतिभा, योग्यता, कार्यशीलता, बुद्धिमत्ता सभी कुछ  होने के बावजूद भी अधीरता और उतावलेपन का एक ही दोष उन सारे गुणों पर पानी फेर देता है।

धर्म का आरम्भिक लक्षण धैर्य है। हमें चाहिए कि किसी कार्य को खूब आगा-पीछा सोच-समझने के बाद आरम्भ करें किन्तु जब आरम्भ कर दें तो दृढ़ता और धैर्य के साथ उसे पूरा करने में लगे रहें। विषम कठिनाइयाँ, असफलताएं, हानियाँ प्रायः हर एक अच्छे कार्य के आरम्भ में आती देखी गई हैं पर यह बात भी निश्चय है कि कोई व्यक्ति शान्त चित्त से उस मार्ग पर डटा रहे तो एक दिन पथ के वे काँटे फूल बन जाते हैं और सफलता प्राप्त होकर रहती है।
।। जय गुरु ।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

मंगलवार, 13 नवंबर 2018

महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट | MAHARSHI MEHI SEWA TRUST |

ॐ श्री सद्गुरवे नमः
परम आदरणीय सभी साधु-महात्मागण, वरिष्ठ साधकों, सत्संगी प्रेमीगण - गुरु भक्तों एवं अन्य सभी!

जैसा कि आप सबों  को मालूम है कि २०वीं सदी के महान संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस जी महाराज के ज्ञान को  जन-जन तक पहुँचाने एवं ईश्वर-भक्ति, देश भक्ति, समाज सेवा एवं संगत सेवा की ओतप्रोत भावना से सेवा कार्य के लिए *"महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट"* का निर्माण किया गया है,  जो सामाजिक सेवा, आध्यात्मिक सेवा, शैक्षणिक सेवा, चिकित्सकीय सेवायें एवं समस्त सामाजिक उत्थान हेतु समर्पित होकर काम करेगा। (खासकर के गुरु महाराज के लिए, संतमत-सत्संग के लिए एवं गुरु महाराज में आस्था रखने वाले दीन-हीन भक्तो के लिए विशेषकर काम करेगी।) महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट के लिए गुरु महाराज के बाद उनके जितने भी परम प्रिय शिष्य हुए जो अब शरीर में नहीं हैं, वे सभी परम पूजनीय है, सम्माननीय हैं, और जो वर्तमान में  सशरीर हैं वे भी अति पूजनीय, सम्माननीय हैं। यह ट्रस्ट किसी की  अवहेलना या किसी के प्रति बैर या द्वेष भाव नहीं रखती है, सबके लिए समान भाव है। महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट किसी भी बाबा विशेष पर आधारित नहीं है और न ही इस पर आधारित होकर बनाया गया है। ट्रस्ट का उद्देश्य सेवा देना, सेवा के द्वारा सामाज में परिवर्तन लाना, विशेष कर गरीबों के लिए काम करना उनके सामाजिक एवं आध्यात्मिक स्तर को ऊँचा उठाना है और भी बहुत कुछ। किन्तु आपके बिना कुछ भी सम्भव नहीं है। परिवर्तन लाने, इन कामों को करने में महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट को आप सब की सहायता एवं सहयोग की जरूरत है और हमेशा रहेगी। महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट में आप सभी का स्वागत है! आप ट्रस्ट से जुड़ कर तन-मन-धन से सेवा दें।

बहुत से सत्संगी प्रेमियों की  शुरुआती समय से ही महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट का खाता संख्या एवं खाता विवरण की मांग हो रही थी, जो उस समय अनुपलब्ध था, अब उपलब्ध हो गया है। महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट की ओर से सभी के साथ साझा किया जा रहा है। इसमें जिस भी सत्संगी महानुभावों, माताओं-बहनों, गुरु भक्तों को महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट में सेवा करने, दान देने की इच्छा हो वे निम्नलिखित खाता में रूपया डाल सकते हैं, ऑनलाइन फंड ट्रांसफर कर सकते हैं। उतना रूपया डाल सकते हैं जितना आपकी इच्छा हो।

Bank Account details:-
Name of account: Maharshi Mehi Sewa Trust
Current A/c No. 2113244029
IFSC Code: KKBK0000291
Branch: Kotak Mahindra Bank, DLF Galleria Complex, DLF City, Phase-IV, Gurgaon

उदारता के साथ सहयोग करें।

निवेदक:- *महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट*
सम्पर्क नं० : 9899777447/9991944155/ 8700828044

बहुत-बहुत धन्यवाद।
जय गुरु महाराज। 

सोमवार, 12 नवंबर 2018

अन्तःकरण की शुद्धि; | संसार में भले कुछ प्रतिष्ठा हो, किन्तु उसे मोक्ष नहीं मिलता | संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस | SANT SADGURU MAHARSHI MEHI | SANTMAT-SATSANG

श्री सद्गुरवे नमः

अपने शरीर को शौच से पवित्र करो।

अपने शरीर को शौच से पवित्र करो। लेकिन यह इतने से ही पवित्र नहीं होता है। हृदय की पवित्रता असली पवित्रता है। हृदय में पाप विचार न आने पाये। हृदय में पाप विचार आने से भी पाप होता है। जिसे कोई नहीं देखता परमात्मा देखते हैं। अन्तःकरण की शुद्धि पवित्र कर्म करने से होती है। तुम्हारा शरीर शिवालय है, विष्णु मन्दिर है। इसके लिए पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं। अपना अन्तःकरण शुद्ध करना होता है। बाहर में लोग शिवालय, देवालय बनाते हैं। इससे संसार में भले कुछ प्रतिष्ठा हो, किन्तु उसे मोक्ष नहीं मिलता। यदि अपने अन्तःकरण को शुद्ध करता तो उसे मोक्ष हो जाता। जैसे शिवालय को पवित्रता से रखते हैं, उसी तरह अपने शरीर को भी पवित्र रखो। जिस किसी ने संसार में बड़ा-बड़ा काम किया है, उसका नाम आज है; किन्तु उसको मोक्ष नहीं मिला। यदि अपने शरीर को, अपने अन्तःकरण को पवित्र रखो, ध्यान करो तो मोक्ष मिलेगा। सारे दुःखों से छूट जाओगे।
    -संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस
।।जय गुरु महाराज।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

शनिवार, 10 नवंबर 2018

ध्यान की साधना और मन की दौड़; DHYAN KI SADHNA AUR MAN KI DAUR |

 ध्यान की साधना और मन की दौड़;
 एक व्यक्ति ने किसी साधु से कहा, “मेरी पत्नी धर्म-साधना-आराधना में बिलकुल ध्यान नहीं देती। यदि आप उसे थोड़ा बोध दें तो उसका मन भी धर्म-ध्यान में रत हो।”

 साधु बोला, “ठीक है।””

 अगले दिन प्रातः ही साधु उस व्यक्ति के घर गया। वह व्यक्ति वहाँ नजर नहीं आया तो  साफ सफाई में व्यस्त उसकी पत्नी से साधु ने उसके बारे में पूछा। पत्नी ने कहा, “वे जूते वाले की दुकान पर गए हैं।”

 पति अन्दर के पूजाघर में माला फेरते हुए ध्यान कर रहा था। उसने पत्नी की बात सुनी। उससे यह झूठ सहा नहीं गया। त्वरित बाहर आकर बोला, “तुम झूठ क्यों बोल रही हो, मैं पूजाघर में था और तुम्हे पता भी था।””

 साधु हैरान हो गया। पत्नी ने कहा- “आप जूते वाले की दुकान पर ही थे, आपका शरीर पूजाघर में, माला हाथ में किन्तु मन से जूते वाले के साथ बहस कर रहे थे।”

 पति को होश आया। पत्नी ठीक कह रही थी। माला फेरते-फेरते वह सचमुच जूते वाले की दुकान पर ही चला गया था।  कल ही खरीदे जूते क्षति वाले थे, खराब खामी वाले जूते देने के लिए, जूते वाले को क्या क्या सुनाना है वही सोच रहा था। और उसी बात पर मन ही मन जूते वाले से बहस कर रहा था।

 पत्नी जानती थी उनका ध्यान कितना मग्न रहता है। वस्तुतः रात को ही वह नये जूतों में खामी की शिकायत कर रहा था, मन अशान्त व असन्तुष्ट था। प्रातः सबसे पहले जूते बदलवा देने की बेसब्री उनके व्यवहार से ही प्रकट हो रही थी, जो उसकी पत्नी की नजर से नहीं छुप सकी थी।

 साधु समझ गया, पत्नी की साधना गजब की थी और ध्यान के महत्व को उसने आत्मसात कर लिया था। निरीक्षण में भी एकाग्र ध्यान की आवश्यकता होती है। पति की त्रृटि इंगित कर उसे एक सार्थक सीख देने का प्रयास किया था।

 धर्म-ध्यान का मात्र दिखावा निर्थक है, यथार्थ में तो मन को ध्यान में पिरोना होता है। असल में वही ध्यान साधना बनता है। यदि मन के घोड़े बेलगाम हो तब मात्र शरीर को एक खूँटे से बांधे रखने का भी क्या औचित्य?
।। जय गुरु ।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

शुक्रवार, 9 नवंबर 2018

अनमोल है सत्संग | एक संत से किसी ने पूछाः “आप सत्संग-समारोह तो करते हैं परंतु उस पर इतना खर्चा?" | Santmat-Satsang | SANTMEHI

अनमोल है सत्संग;
एक संत से किसी ने पूछाः “आप सत्संग-समारोह तो करते हैं परंतु उस पर इतना खर्चा ! आपको सत्संग-समारोह बहुत ही सादगी के साथ करना चाहिए।”

संत ने कहाः “मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि इतने खर्चे के बाद अगर एक भी भाई के जीवन में, एक भी बहन के जीवन में जीवन की वास्तविक माँग जागृत हो जाये तो उस पर सारे विश्व की सम्पत्ति न्योछावर कर देना भी कम है। आपने सत्संग का महत्त्व नहीं समझा है। सत्संग के लिए हँसते-हँसते प्राण भी दिये जा सकते हैं। सत्संग के लिए क्या नहीं दिया जा सकता ! आप यह सोचें कि सत्संग जीवन की कितनी आवश्यक वस्तु है। अगर आपके जीवन में सफलता होगी तो वह सत्संग से ही होगी। अगर जीवन में असफलता है तो वह असत् के संग से है।”
उक्त प्रश्न वे ही कर सकते हैं जिनको सत्संग के मूल्य का पता नहीं है, जिनकी मति-गति भोगों से भटकी हुई है।
अगर दुनिया की सब सम्पत्ति खर्च करके भी सत्संग मिलता है तो भी सस्ता है। सत्संग से जो सुधार होता है, वह कुसंग से थोड़े ही होगा ! सत्संग से जो सन्मति मिलती है वह भोग संग्रह से थोड़े ही मिलेगी !
लाखों रूपये खर्च किये, व्यक्ति को पढ़ा दिया, डॉक्टर, बैरिस्टर बना दिया लेकिन सत्संग नहीं मिला तो बचा सकेगा अपने को कुसंग से ?… नहीं।
सत्संग व्यक्ति को भोग-संग्रह से बचाकर आंतरिक सुख का एहसास कराता है।
।। जय गुरु ।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम


मंगलवार, 6 नवंबर 2018

अनादि काल से ही मानव परम शांति, सुख व अमृतत्व की खोज में लगा हुआ है ... | कबीर, तीन लोक पिंजरा भया, पाप पुण्य दो जाल। सभी जीव भोजन भये, एक खाने वाला काल।। | Santmat-Satsang | SANTMEHI

।।श्री सद्गुरवे नमः।।

अनादि काल से ही मानव परम शांति, सुख व अमृत्व की खोज में लगा हुआ है। वह अपने सामर्थ्य के अनुसार प्रयत्न करता आ रहा है लेकिन उसकी यह चाहत कभी पूर्ण नहीं हो पा रही है। ऐसा इसलिए है कि उसे इस चाहत को प्राप्त करने के मार्ग का पूर्ण ज्ञान नहीं है। सभी प्राणी चाहते हैं कि कोई कार्य न करना पड़े, खाने को स्वादिष्ट भोजन मिले, पहनने को सुन्दर वस्त्र मिलें, रहने को आलीशान भवन हों, घूमने के लिए सुन्दर पार्क हों, मनोरंजन करने के लिए मधुर-2 संगीत हों, नांचे-गांए, खेलें-कूदें, मौज-मस्ती मनांए और कभी बीमार न हों, कभी बूढ़े न हों और कभी मृत्यु न होवे आदि-2, परंतु जिस संसार में हम रह रहे हैं यहां न तो ऐसा कहीं पर नजर आता है और न ही ऐसा संभव है। क्योंकि यह लोक नाशवान है, इस लोक की हर वस्तु भी नाशवान है और इस लोक का राजा ब्रह्म काल है। उसने सब प्राणियों को कर्म-भर्म व पाप-पुण्य रूपी जाल में उलझा कर तीन लोक के पिंजरे में कैद किए हुए है। 

कबीर साहेब कहते हैं कि:--

कबीर, तीन लोक पिंजरा भया, पाप पुण्य दो जाल।
सभी जीव भोजन भये, एक खाने वाला काल।।

गरीब, एक पापी एक पुन्यी आया, एक है सूम दलेल रे।
बिना भजन कोई काम नहीं आवै, सब है जम की जेल रे।।

यहां हम सबने मरना है, सब दुःखी व अशांत हैं। हम सब काल ब्रह्म के लोक में आकर फंस गए और अपने निज घर का रास्ता भूल गए। कबीर साहेब कहते हैं कि :--

इच्छा रूपी खेलन आया, तातैं सुख सागर नहीं पाया।

इस काल ब्रह्म के लोक में शांति व सुख का नामोनिशान भी नहीं है। त्रिगुणी माया से उत्पन्न काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, राग-द्वेष, हर्ष-शोक, लाभ-हानि, मान-बड़ाई रूपी अवगुण हर जीव को परेशान किए हुए हैं। यहां एक जीव दूसरे जीव को मार कर खा जाता है, शोषण करता है, ईज्जत लूट लेता है, धन लूट लेता है, शांति छीन लेता है। यहां पर चारों तरफ आग लगी है। यदि आप शांति से रहना चाहोगे तो दूसरे आपको नहीं रहने देंगे। आपके न चाहते हुए भी चोर चोरी कर ले जाता है, डाकू डाका डाल ले जाता है, दुर्घटना घट जाती है, किसान की फसल खराब हो जाती है, व्यापारी का व्यापार ठप्प हो जाता है, राजा का राज छीन लिया जाता है, स्वस्थ शरीर में बीमारी लग जाती है अर्थात् यहां पर कोई भी वस्तु सुरक्षित नहीं। राजाओं के राज, ईज्जतदार की ईज्जत, धनवान का धन, ताकतवर की ताकत और यहां तक की हम सभी के शरीर भी अचानक छीन लिए जाते हैं। माता-पिता के सामने जवान बेटा-बेटी मर जाते हैं, दूध पीते बच्चों को रोते-बिलखते छोड़ कर मात-पिता मर जाते हैं, जवान बहनें विधवा हो जाती हैं और पहाड़ से दुःखों को भोगने को मजबूर होते हैं। विचार करें कि क्या यह स्थान रहने के लायक है? लेकिन हम मजबूरी वश यहां रह रहे हैं क्योंकि इस काल के पिंजरे से बाहर निकलने का कोई रास्ता नजर नहीं आता और हमें दूसरों को दुःखी करने की व दुःख सहने की आदत सी बन गई। यदि हम अपने-आप को इस लोक में होने वाले दुःखों से बचाना चाहते हैं तो परम शक्ति से युक्त संत सद्गुरु की शरण लेनी पड़ेगी। वही हमे भवसागर से पार कर सकते हैं। हम सब बड़े भाग्यवान हैं कि हमलोगों को ऐसे संत सद्गुरु की शरण मिली हुई है, जरूरत है मनोयोग पूर्वक उनके आज्ञापालन करने की। 


"गुरु को सिर पर राखिए, चलिए आज्ञा माहिं।
कहै कबीर ता दास को, तीन लोक डर नाहिं॥’’
।।जय गुरु।।
सौजन्य: *महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट*
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम


सोमवार, 5 नवंबर 2018

गुस्से पर काबू | Gusse par kabu | जीवन में हर चीज हमारे हिसाब से नहीं ढाली जा सकती | Santmat-Satsang | SANTMEHI | SADGURUMEHI

गुस्से पर काबू
क्रोधित होने वाला हर कोई यह तर्क देता है कि उसका क्रोध न्यायसंगत है। उसने गुस्सा करके कोई गलत नहीं किया। हम सभी अपने जीवन में कभी न कभी गुस्सा करते हैं और जब भी पीछे मुड़कर देखते हैं तो समझ जाते हैं कि उस वक्त हमारी प्रतिक्रिया बहुत अधिक थी, साथ ही न्यायसंगत भी नहीं थी। उस क्रोध पर काबू पाया जा सकता था। क्रोधित होना एक आम क्रिया है, लेकिन समस्या तब खड़ी होती है, जब इसका ठीक से प्रबंधन नहीं किया जाता।

लोग चेतन और अवचेतन दोनों ही तरीकों से क्रोध की भावनाओं का प्रबंधन करते हैं। पहला तरीका है क्रोध का इजहार कर देना, दूसरा है इसे दबा देना, जबकि तीसरा तरीका है क्रोध की भावनाएँ ही उत्पन्न न होने देना अर्थात शांत रहना। अपने क्रोध को बिना आक्रामक हुए निकाल बाहर करना सबसे अच्छा और कारगर तरीका माना गया है। इसके लिए जरूरी है कि हम यह पहचानें कि हम खुद क्या चाहते हैं।

जीवन में हर चीज हमारे हिसाब से नहीं ढाली जा सकती। दूसरों के प्रति आदर भाव रखते हुए भी आप उनसे अपनी बात मनवा सकते हैं। दूसरा तरीका है गुस्से को दबा देने का तथा उसे किसी और चैनल से निकालने का। ऐसा तभी हो सकता है जब क्रोध की स्थिति बने तब आप किसी तरह उस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने से बचें।
।। जय गुरु ।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम


सब कोई सत्संग में आइए | Sab koi Satsang me aaeye | Maharshi Mehi Paramhans Ji Maharaj | Santmat Satsang

सब कोई सत्संग में आइए! प्यारे लोगो ! पहले वाचिक-जप कीजिए। फिर उपांशु-जप कीजिए, फिर मानस-जप कीजिये। उसके बाद मानस-ध्यान कीजिए। मा...