यह ब्लॉग खोजें

शुक्रवार, 30 नवंबर 2018

उत्तम वाणी, सत्य वचन, धीर गंभीर मृदु वाक्य | SANTMAT-SATSANG

उत्‍तम वाणी, सत्‍य वचन, धीर गंभीर मृदु वाक्‍य!

मनुष्‍य को सदा उत्‍तम वाणी अर्थात श्रेष्‍ठ लहजे में बात करना चाहिये, और सत्‍य वचन बोलना चाहिये, संयमित बोलना, मितभाषी होना अर्थात कम बोलने वाला मनुष्‍य सदा सर्वत्र सम्‍मानित व सुपूज्‍य होता है। कारण यह कि प्रत्‍येक मनुष्‍य के पास सत्‍य का कोष (कोटा) सीमित ही होता है और शुरू में इस कोष (कोटा) के बने रहने तक वह सत्‍य बोलता ही है, किन्‍तु अधिक बोलने वाले मनुष्‍य सत्‍य का संचित कोष समाप्‍त हो जाने के बाद भी बोलते रहते हैं, तो कुछ न सूझने पर झूठ बोलना शुरू कर देते हैं, जिससे वे विसंगतियों और उपहास के पात्र होकर अपमानित व निन्‍दनीय हो अलोकप्रिय हो जाते हैं। अत: वहीं तक बोलना जारी रखो जहॉं तक सत्‍य का संचित कोष आपके पास है। धीर गंभीर और मृदु (मधुर) वाक्‍य बोलना एक कला है जो संस्‍कारों से और अभ्‍यास से स्‍वत: आती है।
।। जय गुरु ।।
प्रस्तुति: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम


मंगलवार, 27 नवंबर 2018

दुनिया तो मुसाफिरखाना है; | Yah duniya to musafirkhana hai | Santmat-Satsang

दुनिया तो मुसाफिरखाना है!

यह समस्त दुनिया तो एक मुसाफिरखाना है। दुनियारूपी सराय में रहते हुए भी उससे निर्लेप रहना चाहिए। जैसे कमल का फूल पानी में रहता है परंतु पानी की एक बूँद भी उस पर नहीं ठहरती, उसी प्रकार संसार में रहना चाहिए।

तुलसीदासजी कहते हैं : -
तुलसी इस संसार में भांति भांति के लोग।
हिलिये मिलिये प्रेम सों नदी नाव संयोग।।

जैसे नौका में कई लोग चढ़ते, बैठते और उतरते हैं परंतु कोई भी उसमें ममता या आसक्ति नहीं रखता, उसे अपना रहने का स्थान नहीं समझता, ऐसे ही हम भी संसार में सबसे हिल-मिलकर रहे परंतु संसार में आसक्त न बनें। जैसे, मुसाफिरखाने में कई चीजें रखी रहती हैं किंतु मुसाफिर उनसे केवल अपना काम निकाल सकता है, उन्हें अपना मानकर ले नहीं जा सकता। वैसे ही संसार के पदार्थों का शास्त्रानुसार उपयोग तो करें किंतु उनमें मोह-ममता न रखें। वे पदार्थ काम निकालने के लिए हैं, उनमें आसक्ति रखकर अपना जीवन बरबाद करने के लिए नहीं हैं।

☘संसार को सदैव मुसाफिरखाना ही समझना चाहिये……..☘

घर मकान महल न अपने, तन मन धन बेगाना है,
चार दिनों का चैत चमन में, बुलबुल के लिए बहाना है,
आयी खिजाँ हुई पतझड़, था जहाँ जंगल, वहाँ वीराना है,
जाग मुसाफिर कर तैयारी, होना आखिर रवाना है,
दुनिया जिसे कहते हैं, वह तो स्वयं मुसाफिरखाना है।

अपना असली वतन आत्मा है। उसे अच्छी तरह से जाने बिन शांति नहीं मिलेगी और न ही यह पता लगेगा कि ‘मैं कौन हूँ’।
जिन्होंने स्वयं को पहचाना है, उन्होंने ईश्वर को जाना है।
संसार को सदैव मुसाफिरखाना ही समझना चाहिये…….
।। जय गुरु ।।
प्रस्तुति : शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम


गुरुवार, 22 नवंबर 2018

गुरु नानक जयन्ती | GURU NANAK JAYANTI | SANTMAT=SATSANG | प्रभु सत्य एवं उसका नाम सत्य है।

।। श्री सद्गुरवे नमः ।।
| गुरुनानक देव जी की जयन्ती |
गुरूनानक देव सिखों के प्रथम गुरु (आदि गुरु) हैं। ये संत सद्गुरु, योगी, दार्शनिक, गृहस्थ, धर्मसुधारक, समाजसुधारक, कवि, देशभक्त और विश्वबंधु- सभी के गुण समेटे हुए थे।

गुरुनानक देव जी के बचपन में कई चमत्कारिक घटनाएं घटी, जिन्हें देखकर गांव के लोग इन्हें दिव्य व्यक्तित्व मानने लगे।

इन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज में फैली कुरीतियों को मिटाने का प्रयास किया एवं ईश्वर भक्ति का संदेश दिया। गुरुनानक देवजी के दोहों में लाइफ मैनेजमेंट के अनेक सूत्र छिपे हैं जो आज के समय में भी प्रासंगिक हैं।

साचा साहिबु साचु नाइ भाखिआ भाउ अपारू।
आखहि मंगहि देहि देहि दाति करे दातारू।

प्रभु सत्य एवं उसका नाम सत्य है। अलग अलग विचारों एवं भावों तथा बोलियों में उसे भिन्न भिन्न नाम दिये गये हैं।
प्रत्येक जीव उसके दया की भीख मांगता है, तथा सब जीव उसके कृपा का अधिकारी है, और वह भी हमें अपने कर्मों के मुताबिक अपनी दया प्रदान करता है। -गुरुनानक देव जी
उनके परम पावन जयन्ती पर कोटि-कोटि नमन् ।
।। जय गुरु ।।
प्रस्तुति: शिवेन्द्र कुमार मेहता

बुधवार, 21 नवंबर 2018

एक बहुत बड़े दानवीर हुए रहीम | DAANVEER RAHIM | देंन हार कोई और है, भेजत जो दिन रैन।

एक बहुत बड़े दानवीर हुए रहीम;
उनकी ये एक खास बात थी कि जब वो दान देने के लिए हाथ आगे बढ़ाते तो अपनी नज़रें नीचे झुका लेते थे।
ये बात सभी को अजीब लगती थी..कि ये रहीम कैसे दानवीर है, ये दान भी देते हैं और इन्हें शर्म भी आती है।

ये बात जब एक संत तक पहुँची तो उन्होंने रहीम को चार पंक्तियाँ लिख कर भेजी जिसमें लिखा था :-

ऐसी  देनी  देन  जु, कित  सीखे  हो  सेन।
ज्यों ज्यों कर ऊंचो करें, त्यों त्यों नीचे नैन।।

इसका मतलब था कि, रहीम तुम ऐसा दान देना कहाँ से सीखे हो। जैसे जैसे तुम्हारे हाथ ऊपर उठते है वैसे वैसे तुम्हारी नज़रें तुम्हारे नैन नीचे क्यूँ झुक जाते है।

रहीम ने इसके बदले में जो जवाब दिया वो जवाब इतना गजब का था कि जिसने भी सुना वो रहीम का भक्त हो गया इतना प्यारा जवाब आज तक किसी ने किसी को नहीं दिया। रहीम ने जवाब में लिखा:-

देंन हार कोई और है, भेजत जो दिन रैन।
लोग भरम हम पर करें, तासो नीचे नैन।।

मतलब देने वाला तो कोई और है वो मालिक है वो परमात्मा है वो दिन रात भेज रहा है। परन्तु लोग ये समझते हैं कि मैं दे रहा हूँ रहीम दे रहा है, ये विचार कर मुझे शर्म आ जाती है और मेरी आँखे नीचे झुक जाती है।

सच में मित्रो ये ना समझी ये मेरे पन का भाव यदि इंसान के अंदर से मिट जाये तो वो जीवन को और बेहतर जी सकता है। 
सौजन्य: *महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट*
प्रस्तुति: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

सेवा से ऊब क्यों? | आत्मा का स्वभाव है - प्रेम और प्रेम की परिणति है सेवा | SEWA SE UB KYON | SANTMAT-SATSANG

सेवा साधना से ऊब क्यों?
मैंने इतना तो कर लिया, क्या अब सदा मैं ही करता रहूँगा। दूसरों को सेवा कार्य करना चाहिए। ऐसा सोचना उचित नहीं। सेवा कार्य आत्मा की आवश्यकता का पोषण है।.....

किसी पर एहसान करने के लिए दूसरों के सहायक और उपकारी बनने के लिए, अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने के लिए भी नहीं, यश के लिए भी नहीं, सेवा का प्रयोजन आत्मा की गरिमा को अक्षुण्ण रखने और उसका जीवन साधन जुटाये रखने के लिए है .....आत्मा का स्वभाव है - प्रेम और प्रेम की परिणति है सेवा। उससे छुट्टी कैसी? उससे ऊब क्यों? उसे छोड़ा कैसे जा सकता हैं?

जो सेवा की आवश्यकता और महत्ता को समझता है। उसे उससे कभी भी ऊब नहीं आती। जो ऊबता हो समझना चाहिए, अभी उसे सेवा का रस नहीं आया।...

बदला है अब समाँ,
थोड़ा तुम भी बदल जाना।
बिगड़ तो हैं बहुत चुके,
अब इंसान भी बन जाना।

मिटा कर सभी रंजिश मन की,
आओ नई शुरुआत करें।
सेवा करें दीन-हीनों का,
दिल की हर एक बात करें।

अपने लिए तो सब हैं करते,
थोड़ा औरों के लिए भी जरूरी है,
बदल रहा है देश हमारा,
योगदान हमारा भी जरूरी है।
।। जय गुरु ।।
प्रस्तुति: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

संतों के विचार को अपनाए बिना हमारा कल्याण नहीं हो सकता। -महर्षि हरिनन्दन परमहंस जी महाराज के वचन | SANTMAT-SATSANG | MAHARSHI HARINANDAN

संतों के विचार को अपनाए बिना हमारा कल्याण नहीं हो सकता। 

संतों के विचार को अपनाए बिना हमारा कल्याण नहीं हो सकता। हमारे गुरुदेव ने कहा कि संतों के विचार को जानने के लिए सत्संग करो। अगर अपना उद्धार चाहते हो, मुक्ति चाहते हो, दुखों से छुटकारा चाहते हो तो संत का संतान बनो। संतो के बतलाए मार्ग पर चलें तभी संत के संतान बनने के अधिकारी हैं। संत उस ओर जाने के लिए कहता है जिस ओर जीव बंधन मुक्त हो जाता है। कोई बंधन नहीं रहता। उन्होंने कहा कि इस शरीर में नौ द्वार है। फिर भी हम नहीं निकल पाते। कारण यह कष्ट का मार्ग है। जब शरीर की अवधि समाप्त हो जाती है तब यम की मार खाकर इस नौ द्वार में से एक से निकलता है। मनुष्य के शरीर में एक गुप्त मार्ग है। यह मार्ग केवल मनुष्य के शरीर में ही है। इस मार्ग से निकलने में कोई कष्ट नहीं होता। 

-- महर्षि हरिनन्दन परमहंस जी महाराज
  जय गुरु
प्रस्तुति: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

शुक्रवार, 16 नवंबर 2018

आत्मा की पुकार | उस आत्मा की आवाज सुनना हम सबका कर्तव्य है | मन तथा हृदय का पवित्र होना नितांत जरूरी |आत्मा ही देखने योग्य, सुनने योग्य, मनन करने योग्य और पाने योग्य है | SANTMAT-SATSANG

आत्मा की पुकार - उस आत्मा की आवाज सुनना हम सबका कर्तव्य है।

महर्षि याज्ञवल्क्य अपनी समस्त सम्पत्ति को दोनों पत्नियों में बराबर बाँटकर गृह त्याग के लिए तैयार हुए। मैत्रेयी को सन्तोष नहीं हुआ, आखिर वह पूछ ही बैठी ‘‘भगवन् ! क्या मैं इस सबको लेकर जीवन- मुक्ति का लाभ प्राप्त कर सकूँगी ?’’ क्या मैं अमर हो जाऊँगी? आत्मसन्तोष प्राप्त कर सकूँगी ?’’ महर्षि ने कहा- ‘‘नहीं, ऐसा नहीं हो सकेगा। साधन- सुविधा सम्पन्न सुखी जीवन जैसा तुम्हारा अब तक रहा, इसी तरह आगे भी चलता रहेगा। अन्य सांसारिक लोगों की तरह तुम भी अपना जीवन सुख- सुविधा के साथ बिता सकोगी। ’’   
मैत्रेयी का असन्तोष दूर नहीं हुआ और वे बोलीं ‘‘येनाहंनामृतास्यां किमहं तेन कुर्याम ?’’ ‘‘ जिससे मुझे अमृतत्व प्राप्त न हो, उसे लेकर मैं क्या करूँगी? देव ! मुझे यह सुख- सुविधा सम्पन्न सांसारिक जीवन नहीं चाहिए।’’ 
(बृहदारण्यक उप०- २.४.३)  

‘‘तो फिर तुम्हें क्या चाहिए ’’ महर्षि ने जैसे ही पूछा मैत्रेयी की आँखों से अश्रुधारा बह निकली। उसका हृदय सम्पूर्ण भाव से उमड़ पड़ा। महर्षि के चरणों में शिर झुकाते हुए बोलीं- ‘‘असतो मा सद्गमय, तमसो मा ज्योतिर्गमय, मृत्योर्माऽमृतंगमय।’’   

‘‘हे प्रभो ! मुझे असत्य से सत्य की ओर, अन्धकार से प्रकाश की ओर, मृत्यु से अमरत्व की ओर गति प्रदान करें। मैत्रेयी ने महर्षि के सान्निध्य में सुख- समृद्धि, सम्पन्नता का जीवन बिताया था, किन्तु उसके अन्तस् का यह प्रश्न अभी तक अधूरा था। उसका समाधान अभी तक नहीं हो पाया था।  हम जीवन भर नाना प्रकार की सम्पत्ति, वैभव एकत्र करते हैं। आश्रय, धन, बहुमूल्य सामग्री जुटाते हैं और अन्तस् में स्थित मैत्रेयी को सौंपते हुए कहते हैं ‘‘लो ! इससे तुम्हें प्रसन्नता होगी, आनन्द मिलेगा। ’’ किन्तु अन्तस् में बैठी मैत्रेयी कहती है, ‘‘येनाहं नामृतास्यां किमहं तेन कुर्याम्।’’ इन सब सामग्रियों में जीवन के शाश्वत प्रश्न का समाधान नहीं मिलता।   

ऊँचे से ऊँचे पद प्राप्त करते हैं। अखबारों से लेकर दूरदर्शन में छाये रहते हैं। अन्तरात्मा से कहते हैं लो! तुम्हारा तो बड़ा सौभाग्य है। पूरी दुनिया तुम्हें याद कर रही है, किन्तु अन्तरात्मा कहती है ‘‘येनाहं नामृतास्यां किमहं तेन कुर्याम्?’’ आत्मा निरन्तर छटपटाती रहती है, उस महत्त्वपूर्ण तथ्य की प्राप्ति के लिए जो उसे सत्य, प्रकाश, अमृत की प्राप्ति करा सके, दुःखों से छुटकारा दिलाकर आनन्दमय बना सके।  मैत्रेयी चाहती थी उस परम तत्त्व का साक्षात्कार जो सत्य, ज्योतिर्मय स्वरूप है। मैत्रेयी ने अपने अनुभव की कसौटी पर जान लिया था कि संसार और इसके सारे पदार्थ, सम्बन्ध, नाते- रिश्ते मरणशील हैं। भौतिक पाप- तापों की पीड़ा जीव को सदा ही अशान्त, भयभीत बनाए रखती है। इसलिए मैत्रेयी को किसी ऐसी वस्तु की अभिलाषा थी, जो नाशवान् न हो तथा अन्धकार से सर्वथा मुक्त हो। अन्तस् में विराजमान मैत्रेयी की अन्तरात्मा की इस प्रार्थना को हम एकाग्रता के साथ सुनें।  ‘‘येनाहं नामृतास्यां किमहं तेन कुर्याम्?’’ यह हमारा जीवन मन्त्र बन जाय। मैत्रेयी की आकुलता देखकर आत्मतत्त्व का विश्लेषण करते हुए याज्ञवल्क्य ने भी यही कहा था। ‘‘आत्मा वा अरे मैत्रेयी ! दृष्टव्यः श्रोतव्य मन्तव्यो निदिध्यासितव्ये ’’

अरे मैत्रेयी ! आत्मा ही देखने योग्य, सुनने योग्य, मनन करने योग्य और पाने योग्य है।              (बृहदारण्यक उप० ४.५.६)  
उस आत्मा की आवाज सुनना हम सबका कर्तव्य है।
।। जय गुरु ।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

बुधवार, 14 नवंबर 2018

धैर्य; | मनु भगवान ने धर्म के दस लक्षणों का वर्णन करते हुए धृति (धैर्य) को पहला स्थान दिया | SANTMAT=SATSANG

 धैर्य;
मनु भगवान ने धर्म के दस लक्षणों का वर्णन करते हुए धृति (धैर्य) को पहला स्थान दिया है। वास्तव में धैर्य का स्थान जीवन में इतना ही ऊँचा है कि उसे प्रारम्भिक सद्गुण माना जाए। हर एक कार्य कुछ समय उपरान्त फल देता है, हथेली पर सरसों जमते नहीं देखी जाती, किसान खेत बोता है और फसल की प्रतीक्षा करता रहता है। यदि हम अधीर होकर बोये हुए दानों का फल उसी दिन लेना चाहे तो उसे निराश ही होना पड़ेगा।

 लोग किसी कार्य को उत्साहपूर्वक आरम्भ करते हैं किन्तु फल की शीघ्रता के लिए इतने उतावले होते हैं कि थोड़े समय तक प्रतीक्षा करना या धैर्य धारण करना उन्हें सहन नहीं होता। अपितु प्रतिभा, योग्यता, कार्यशीलता, बुद्धिमत्ता सभी कुछ  होने के बावजूद भी अधीरता और उतावलेपन का एक ही दोष उन सारे गुणों पर पानी फेर देता है।

धर्म का आरम्भिक लक्षण धैर्य है। हमें चाहिए कि किसी कार्य को खूब आगा-पीछा सोच-समझने के बाद आरम्भ करें किन्तु जब आरम्भ कर दें तो दृढ़ता और धैर्य के साथ उसे पूरा करने में लगे रहें। विषम कठिनाइयाँ, असफलताएं, हानियाँ प्रायः हर एक अच्छे कार्य के आरम्भ में आती देखी गई हैं पर यह बात भी निश्चय है कि कोई व्यक्ति शान्त चित्त से उस मार्ग पर डटा रहे तो एक दिन पथ के वे काँटे फूल बन जाते हैं और सफलता प्राप्त होकर रहती है।
।। जय गुरु ।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

मंगलवार, 13 नवंबर 2018

महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट | MAHARSHI MEHI SEWA TRUST |

ॐ श्री सद्गुरवे नमः
परम आदरणीय सभी साधु-महात्मागण, वरिष्ठ साधकों, सत्संगी प्रेमीगण - गुरु भक्तों एवं अन्य सभी!

जैसा कि आप सबों  को मालूम है कि २०वीं सदी के महान संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस जी महाराज के ज्ञान को  जन-जन तक पहुँचाने एवं ईश्वर-भक्ति, देश भक्ति, समाज सेवा एवं संगत सेवा की ओतप्रोत भावना से सेवा कार्य के लिए *"महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट"* का निर्माण किया गया है,  जो सामाजिक सेवा, आध्यात्मिक सेवा, शैक्षणिक सेवा, चिकित्सकीय सेवायें एवं समस्त सामाजिक उत्थान हेतु समर्पित होकर काम करेगा। (खासकर के गुरु महाराज के लिए, संतमत-सत्संग के लिए एवं गुरु महाराज में आस्था रखने वाले दीन-हीन भक्तो के लिए विशेषकर काम करेगी।) महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट के लिए गुरु महाराज के बाद उनके जितने भी परम प्रिय शिष्य हुए जो अब शरीर में नहीं हैं, वे सभी परम पूजनीय है, सम्माननीय हैं, और जो वर्तमान में  सशरीर हैं वे भी अति पूजनीय, सम्माननीय हैं। यह ट्रस्ट किसी की  अवहेलना या किसी के प्रति बैर या द्वेष भाव नहीं रखती है, सबके लिए समान भाव है। महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट किसी भी बाबा विशेष पर आधारित नहीं है और न ही इस पर आधारित होकर बनाया गया है। ट्रस्ट का उद्देश्य सेवा देना, सेवा के द्वारा सामाज में परिवर्तन लाना, विशेष कर गरीबों के लिए काम करना उनके सामाजिक एवं आध्यात्मिक स्तर को ऊँचा उठाना है और भी बहुत कुछ। किन्तु आपके बिना कुछ भी सम्भव नहीं है। परिवर्तन लाने, इन कामों को करने में महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट को आप सब की सहायता एवं सहयोग की जरूरत है और हमेशा रहेगी। महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट में आप सभी का स्वागत है! आप ट्रस्ट से जुड़ कर तन-मन-धन से सेवा दें।

बहुत से सत्संगी प्रेमियों की  शुरुआती समय से ही महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट का खाता संख्या एवं खाता विवरण की मांग हो रही थी, जो उस समय अनुपलब्ध था, अब उपलब्ध हो गया है। महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट की ओर से सभी के साथ साझा किया जा रहा है। इसमें जिस भी सत्संगी महानुभावों, माताओं-बहनों, गुरु भक्तों को महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट में सेवा करने, दान देने की इच्छा हो वे निम्नलिखित खाता में रूपया डाल सकते हैं, ऑनलाइन फंड ट्रांसफर कर सकते हैं। उतना रूपया डाल सकते हैं जितना आपकी इच्छा हो।

Bank Account details:-
Name of account: Maharshi Mehi Sewa Trust
Current A/c No. 2113244029
IFSC Code: KKBK0000291
Branch: Kotak Mahindra Bank, DLF Galleria Complex, DLF City, Phase-IV, Gurgaon

उदारता के साथ सहयोग करें।

निवेदक:- *महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट*
सम्पर्क नं० : 9899777447/9991944155/ 8700828044

बहुत-बहुत धन्यवाद।
जय गुरु महाराज। 

सोमवार, 12 नवंबर 2018

अन्तःकरण की शुद्धि; | संसार में भले कुछ प्रतिष्ठा हो, किन्तु उसे मोक्ष नहीं मिलता | संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस | SANT SADGURU MAHARSHI MEHI | SANTMAT-SATSANG

श्री सद्गुरवे नमः

अपने शरीर को शौच से पवित्र करो।

अपने शरीर को शौच से पवित्र करो। लेकिन यह इतने से ही पवित्र नहीं होता है। हृदय की पवित्रता असली पवित्रता है। हृदय में पाप विचार न आने पाये। हृदय में पाप विचार आने से भी पाप होता है। जिसे कोई नहीं देखता परमात्मा देखते हैं। अन्तःकरण की शुद्धि पवित्र कर्म करने से होती है। तुम्हारा शरीर शिवालय है, विष्णु मन्दिर है। इसके लिए पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं। अपना अन्तःकरण शुद्ध करना होता है। बाहर में लोग शिवालय, देवालय बनाते हैं। इससे संसार में भले कुछ प्रतिष्ठा हो, किन्तु उसे मोक्ष नहीं मिलता। यदि अपने अन्तःकरण को शुद्ध करता तो उसे मोक्ष हो जाता। जैसे शिवालय को पवित्रता से रखते हैं, उसी तरह अपने शरीर को भी पवित्र रखो। जिस किसी ने संसार में बड़ा-बड़ा काम किया है, उसका नाम आज है; किन्तु उसको मोक्ष नहीं मिला। यदि अपने शरीर को, अपने अन्तःकरण को पवित्र रखो, ध्यान करो तो मोक्ष मिलेगा। सारे दुःखों से छूट जाओगे।
    -संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस
।।जय गुरु महाराज।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

शनिवार, 10 नवंबर 2018

ध्यान की साधना और मन की दौड़; DHYAN KI SADHNA AUR MAN KI DAUR |

 ध्यान की साधना और मन की दौड़;
 एक व्यक्ति ने किसी साधु से कहा, “मेरी पत्नी धर्म-साधना-आराधना में बिलकुल ध्यान नहीं देती। यदि आप उसे थोड़ा बोध दें तो उसका मन भी धर्म-ध्यान में रत हो।”

 साधु बोला, “ठीक है।””

 अगले दिन प्रातः ही साधु उस व्यक्ति के घर गया। वह व्यक्ति वहाँ नजर नहीं आया तो  साफ सफाई में व्यस्त उसकी पत्नी से साधु ने उसके बारे में पूछा। पत्नी ने कहा, “वे जूते वाले की दुकान पर गए हैं।”

 पति अन्दर के पूजाघर में माला फेरते हुए ध्यान कर रहा था। उसने पत्नी की बात सुनी। उससे यह झूठ सहा नहीं गया। त्वरित बाहर आकर बोला, “तुम झूठ क्यों बोल रही हो, मैं पूजाघर में था और तुम्हे पता भी था।””

 साधु हैरान हो गया। पत्नी ने कहा- “आप जूते वाले की दुकान पर ही थे, आपका शरीर पूजाघर में, माला हाथ में किन्तु मन से जूते वाले के साथ बहस कर रहे थे।”

 पति को होश आया। पत्नी ठीक कह रही थी। माला फेरते-फेरते वह सचमुच जूते वाले की दुकान पर ही चला गया था।  कल ही खरीदे जूते क्षति वाले थे, खराब खामी वाले जूते देने के लिए, जूते वाले को क्या क्या सुनाना है वही सोच रहा था। और उसी बात पर मन ही मन जूते वाले से बहस कर रहा था।

 पत्नी जानती थी उनका ध्यान कितना मग्न रहता है। वस्तुतः रात को ही वह नये जूतों में खामी की शिकायत कर रहा था, मन अशान्त व असन्तुष्ट था। प्रातः सबसे पहले जूते बदलवा देने की बेसब्री उनके व्यवहार से ही प्रकट हो रही थी, जो उसकी पत्नी की नजर से नहीं छुप सकी थी।

 साधु समझ गया, पत्नी की साधना गजब की थी और ध्यान के महत्व को उसने आत्मसात कर लिया था। निरीक्षण में भी एकाग्र ध्यान की आवश्यकता होती है। पति की त्रृटि इंगित कर उसे एक सार्थक सीख देने का प्रयास किया था।

 धर्म-ध्यान का मात्र दिखावा निर्थक है, यथार्थ में तो मन को ध्यान में पिरोना होता है। असल में वही ध्यान साधना बनता है। यदि मन के घोड़े बेलगाम हो तब मात्र शरीर को एक खूँटे से बांधे रखने का भी क्या औचित्य?
।। जय गुरु ।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

शुक्रवार, 9 नवंबर 2018

अनमोल है सत्संग | एक संत से किसी ने पूछाः “आप सत्संग-समारोह तो करते हैं परंतु उस पर इतना खर्चा?" | Santmat-Satsang | SANTMEHI

अनमोल है सत्संग;
एक संत से किसी ने पूछाः “आप सत्संग-समारोह तो करते हैं परंतु उस पर इतना खर्चा ! आपको सत्संग-समारोह बहुत ही सादगी के साथ करना चाहिए।”

संत ने कहाः “मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि इतने खर्चे के बाद अगर एक भी भाई के जीवन में, एक भी बहन के जीवन में जीवन की वास्तविक माँग जागृत हो जाये तो उस पर सारे विश्व की सम्पत्ति न्योछावर कर देना भी कम है। आपने सत्संग का महत्त्व नहीं समझा है। सत्संग के लिए हँसते-हँसते प्राण भी दिये जा सकते हैं। सत्संग के लिए क्या नहीं दिया जा सकता ! आप यह सोचें कि सत्संग जीवन की कितनी आवश्यक वस्तु है। अगर आपके जीवन में सफलता होगी तो वह सत्संग से ही होगी। अगर जीवन में असफलता है तो वह असत् के संग से है।”
उक्त प्रश्न वे ही कर सकते हैं जिनको सत्संग के मूल्य का पता नहीं है, जिनकी मति-गति भोगों से भटकी हुई है।
अगर दुनिया की सब सम्पत्ति खर्च करके भी सत्संग मिलता है तो भी सस्ता है। सत्संग से जो सुधार होता है, वह कुसंग से थोड़े ही होगा ! सत्संग से जो सन्मति मिलती है वह भोग संग्रह से थोड़े ही मिलेगी !
लाखों रूपये खर्च किये, व्यक्ति को पढ़ा दिया, डॉक्टर, बैरिस्टर बना दिया लेकिन सत्संग नहीं मिला तो बचा सकेगा अपने को कुसंग से ?… नहीं।
सत्संग व्यक्ति को भोग-संग्रह से बचाकर आंतरिक सुख का एहसास कराता है।
।। जय गुरु ।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम


मंगलवार, 6 नवंबर 2018

अनादि काल से ही मानव परम शांति, सुख व अमृतत्व की खोज में लगा हुआ है ... | कबीर, तीन लोक पिंजरा भया, पाप पुण्य दो जाल। सभी जीव भोजन भये, एक खाने वाला काल।। | Santmat-Satsang | SANTMEHI

।।श्री सद्गुरवे नमः।।

अनादि काल से ही मानव परम शांति, सुख व अमृत्व की खोज में लगा हुआ है। वह अपने सामर्थ्य के अनुसार प्रयत्न करता आ रहा है लेकिन उसकी यह चाहत कभी पूर्ण नहीं हो पा रही है। ऐसा इसलिए है कि उसे इस चाहत को प्राप्त करने के मार्ग का पूर्ण ज्ञान नहीं है। सभी प्राणी चाहते हैं कि कोई कार्य न करना पड़े, खाने को स्वादिष्ट भोजन मिले, पहनने को सुन्दर वस्त्र मिलें, रहने को आलीशान भवन हों, घूमने के लिए सुन्दर पार्क हों, मनोरंजन करने के लिए मधुर-2 संगीत हों, नांचे-गांए, खेलें-कूदें, मौज-मस्ती मनांए और कभी बीमार न हों, कभी बूढ़े न हों और कभी मृत्यु न होवे आदि-2, परंतु जिस संसार में हम रह रहे हैं यहां न तो ऐसा कहीं पर नजर आता है और न ही ऐसा संभव है। क्योंकि यह लोक नाशवान है, इस लोक की हर वस्तु भी नाशवान है और इस लोक का राजा ब्रह्म काल है। उसने सब प्राणियों को कर्म-भर्म व पाप-पुण्य रूपी जाल में उलझा कर तीन लोक के पिंजरे में कैद किए हुए है। 

कबीर साहेब कहते हैं कि:--

कबीर, तीन लोक पिंजरा भया, पाप पुण्य दो जाल।
सभी जीव भोजन भये, एक खाने वाला काल।।

गरीब, एक पापी एक पुन्यी आया, एक है सूम दलेल रे।
बिना भजन कोई काम नहीं आवै, सब है जम की जेल रे।।

यहां हम सबने मरना है, सब दुःखी व अशांत हैं। हम सब काल ब्रह्म के लोक में आकर फंस गए और अपने निज घर का रास्ता भूल गए। कबीर साहेब कहते हैं कि :--

इच्छा रूपी खेलन आया, तातैं सुख सागर नहीं पाया।

इस काल ब्रह्म के लोक में शांति व सुख का नामोनिशान भी नहीं है। त्रिगुणी माया से उत्पन्न काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, राग-द्वेष, हर्ष-शोक, लाभ-हानि, मान-बड़ाई रूपी अवगुण हर जीव को परेशान किए हुए हैं। यहां एक जीव दूसरे जीव को मार कर खा जाता है, शोषण करता है, ईज्जत लूट लेता है, धन लूट लेता है, शांति छीन लेता है। यहां पर चारों तरफ आग लगी है। यदि आप शांति से रहना चाहोगे तो दूसरे आपको नहीं रहने देंगे। आपके न चाहते हुए भी चोर चोरी कर ले जाता है, डाकू डाका डाल ले जाता है, दुर्घटना घट जाती है, किसान की फसल खराब हो जाती है, व्यापारी का व्यापार ठप्प हो जाता है, राजा का राज छीन लिया जाता है, स्वस्थ शरीर में बीमारी लग जाती है अर्थात् यहां पर कोई भी वस्तु सुरक्षित नहीं। राजाओं के राज, ईज्जतदार की ईज्जत, धनवान का धन, ताकतवर की ताकत और यहां तक की हम सभी के शरीर भी अचानक छीन लिए जाते हैं। माता-पिता के सामने जवान बेटा-बेटी मर जाते हैं, दूध पीते बच्चों को रोते-बिलखते छोड़ कर मात-पिता मर जाते हैं, जवान बहनें विधवा हो जाती हैं और पहाड़ से दुःखों को भोगने को मजबूर होते हैं। विचार करें कि क्या यह स्थान रहने के लायक है? लेकिन हम मजबूरी वश यहां रह रहे हैं क्योंकि इस काल के पिंजरे से बाहर निकलने का कोई रास्ता नजर नहीं आता और हमें दूसरों को दुःखी करने की व दुःख सहने की आदत सी बन गई। यदि हम अपने-आप को इस लोक में होने वाले दुःखों से बचाना चाहते हैं तो परम शक्ति से युक्त संत सद्गुरु की शरण लेनी पड़ेगी। वही हमे भवसागर से पार कर सकते हैं। हम सब बड़े भाग्यवान हैं कि हमलोगों को ऐसे संत सद्गुरु की शरण मिली हुई है, जरूरत है मनोयोग पूर्वक उनके आज्ञापालन करने की। 


"गुरु को सिर पर राखिए, चलिए आज्ञा माहिं।
कहै कबीर ता दास को, तीन लोक डर नाहिं॥’’
।।जय गुरु।।
सौजन्य: *महर्षि मेँहीँ सेवा ट्रस्ट*
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम


सोमवार, 5 नवंबर 2018

गुस्से पर काबू | Gusse par kabu | जीवन में हर चीज हमारे हिसाब से नहीं ढाली जा सकती | Santmat-Satsang | SANTMEHI | SADGURUMEHI

गुस्से पर काबू
क्रोधित होने वाला हर कोई यह तर्क देता है कि उसका क्रोध न्यायसंगत है। उसने गुस्सा करके कोई गलत नहीं किया। हम सभी अपने जीवन में कभी न कभी गुस्सा करते हैं और जब भी पीछे मुड़कर देखते हैं तो समझ जाते हैं कि उस वक्त हमारी प्रतिक्रिया बहुत अधिक थी, साथ ही न्यायसंगत भी नहीं थी। उस क्रोध पर काबू पाया जा सकता था। क्रोधित होना एक आम क्रिया है, लेकिन समस्या तब खड़ी होती है, जब इसका ठीक से प्रबंधन नहीं किया जाता।

लोग चेतन और अवचेतन दोनों ही तरीकों से क्रोध की भावनाओं का प्रबंधन करते हैं। पहला तरीका है क्रोध का इजहार कर देना, दूसरा है इसे दबा देना, जबकि तीसरा तरीका है क्रोध की भावनाएँ ही उत्पन्न न होने देना अर्थात शांत रहना। अपने क्रोध को बिना आक्रामक हुए निकाल बाहर करना सबसे अच्छा और कारगर तरीका माना गया है। इसके लिए जरूरी है कि हम यह पहचानें कि हम खुद क्या चाहते हैं।

जीवन में हर चीज हमारे हिसाब से नहीं ढाली जा सकती। दूसरों के प्रति आदर भाव रखते हुए भी आप उनसे अपनी बात मनवा सकते हैं। दूसरा तरीका है गुस्से को दबा देने का तथा उसे किसी और चैनल से निकालने का। ऐसा तभी हो सकता है जब क्रोध की स्थिति बने तब आप किसी तरह उस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने से बचें।
।। जय गुरु ।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम


रविवार, 4 नवंबर 2018

प्रभु, मैं समदर्शी हो जाऊं, शत्रु-मित्र में तुझको पाऊं | Prabhu mai samdarshi ho jaun | MAHARSHI-MEHI | SANTMAT-SATSANG | SANTMEHI | SADGURUMEHI

"प्रभु, मैं समदर्शी हो जाऊं,
शत्रु-मित्र में तुझको पाऊं !"

परमात्मा का अंश यह मनुष्य जब संसार में आता है तो उस ईश्वर से प्रार्थना करता है कि मुझे गहन अंधकार से मुक्ति दो। मैं दुनिया की चकाचौंध में न फंसकर तेरा ध्यान करूँगा। शायद दुनिया की हवा ही कुछ ऐसी है कि जिसके लगते ही वह अपने वचन भूल जाता है। तब दुनिया के आकर्षणों से घिरा वह प्राथमिकताओं से विमुख हो जाता है। फिर वह न तो सम रह पाता है और न समदर्शी।
         यदि मनुष्य ईश्वर की भाँति समदर्शी बन जाए तो सभी जीवों यानि पानी में रहने वाले जीवों (जलचर), आकाश में उड़ने वाले जीवों (खेचर) तथा पृथ्वी पर रहने वाले जीवों (भूचर) के साथ एक जैसा व्यवहार करेगा। किसी को मारकर खा जाने या हानि पहुँचाने के विषय में सोचेगा ही नहीं। उनके साथ वैसा ही व्यवहार करेगा जैसा वह अपने लिए चाहता है। सब जीव उसके लिए अपने जैसे ही हो जाएँगे। यदि मानव ऐसा सब कर सके तो वास्तव में समदर्शी बन सकता है।
।। जय गुरु ।।


हे मेरे गुरुदेव करुणा सिन्धु करुणा कीजिये।

हूँ अधम आधीन अशरण अब शरण में लीजिये।।
खा रहा गोते हूँ मैं भवसिन्धु के मझधार में।
आसरा है दूसरा कोई अब संसार में।।
मुझमें है जप तप साधन और नहीं कुछ ज्ञान है।
निर्लज्ता है एक बाकी और बस अभिमान है।।
पाप बोझे से लदी नैया भँवर में रही।
नाथ दौड़ो, अब बचाओ जल्द डूबी जा रही।।
आप भी यदि छोड़ देंगे फिर कहाँ जाऊँगा मैं।
जन्म-दुःख से नाव कैसे पार कर पाऊँगा मैं।।
सब जगह भटक कर, ली शरण प्रभु आपकी।
पार करना या करना, दोनों मर्जी आपकी।। हे।


शनिवार, 3 नवंबर 2018

जो चाहोगे सो पाओगे | Jo chahoge so paoge |

जो चाहोगे सो पाओगे!
☘एक साधु था, वह रोज घाट के किनारे बैठ कर चिल्लाया करता
था, ”जो चाहोगे सो पाओगे”, जो चाहोगे सो पाओगे।”
बहुत से लोग वहाँ से गुजरते थे पर कोई भी
उसकी बात पर ध्यान नही देता था और
सब उसे एक पागल आदमी समझते थे।
एक दिन एक युवक वहाँ से गुजरा और उसने उस साधु
की आवाज सुनी, “जो चाहोगे सो पाओगे”,
जो चाहोगे सो पाओगे।”, और आवाज सुनते ही उसके
पास चला गया।

उसने साधु से पूछा “महाराज आप बोल रहे थे कि ‘जो चाहोगे
सो पाओगे’ तो क्या आप मुझको वो दे सकते हो जो मै जो चाहता
हूँ? ”साधु उसकी बात को सुनकर बोला – “हाँ बेटा तुम
जो कुछ भी चाहता है मै उसे जरुर दुँगा, बस तुम्हें
मेरी बात माननी होगी। लेकिन
पहले ये तो बताओ कि तुम्हे आखिर चाहिये क्या?”
युवक बोला” मेरी एक ही ख्वाहिश
है मै हीरों का बहुत बड़ा व्यापारी बनना
चाहता हूँ। “
साधू बोला, ”कोई बात नही मै तुम्हे एक
हीरा और एक मोती देता हूँ, उससे तुम
जितने भी हीरे मोती बनाना
चाहोगे बना पाओगे!” और ऐसा कहते हुए साधु ने अपना हाथ आदमी
की हथेली पर रखते हुए कहा, ”पुत्र,
मैं तुम्हे दुनिया का सबसे अनमोल हीरा दे रहा हूं,
लोग इसे ‘समय’ कहते हैं, इसे तेजी से
अपनी मुट्ठी में पकड़ लो और इसे
कभी मत गंवाना, तुम इससे जितने चाहो उतने
हीरे बना सकते हो।

युवक अभी कुछ सोच ही रहा था कि
साधु उसका दूसरी हथेली, पकड़ते हुए
बोला, ”पुत्र, इसे पकड़ो, यह दुनिया का सबसे
कीमती मोती है, लोग इसे
“धैर्य” कहते हैं, जब कभी समय देने के बावजूद
परिणाम ना मिलें तो इस कीमती
मोती को धारण कर लेना, याद रखना जिसके पास यह
मोती है, वह दुनिया में कुछ भी प्राप्त कर
सकता है।
युवक गम्भीरता से साधु की बातों पर
विचार करता है और निश्चय करता है कि आज से वह
कभी अपना समय बर्वाद नहीं करेगा और
हमेशा धैर्य से काम लेगा। और ऐसा सोचकर वह हीरों
के एक बहुत बड़े व्यापारी के यहाँ काम शुरू करता है
और अपने मेहनत और ईमानदारी के बल पर एक दिन
खुद भी हीरों का बहुत बड़ा
व्यापारी बनता है
- मित्रों ‘समय’ और ‘धैर्य’ वह दो हीरे-
मोती हैं जिनके बल पर हम बड़े से बड़ा लक्ष्य
प्राप्त कर सकते हैं। अतः ज़रूरी है कि हम अपने
कीमती समय को बर्वाद ना करें और
अपनी मंज़िल तक पहुँचने के लिए धैर्य से काम लें।
जय गुरु महाराज
प्रस्तुति: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम


शुक्रवार, 2 नवंबर 2018

सतसंगति सदा सेवनीय | संतों का समाज आनंद और कल्याणमय है, जो जगत में चलता फिरता तीर्थराज है | Santmat-Satsang | Maharshi-Mehi | SANTMEHI |

सत्संगति सदा सेवनीय;
गोस्वामी तुलसीदास जी ने लिखा है:-
"मति कीरति गति भूति भलाई, जो जेहि जतन जहाँ लगि पाई।
सो जानब सत्संग प्रभाऊ, लोक न बेद न आन ऊपाऊ।।"

जिसने जिस समय, जहाँ कहीं भी, जिस किसी यत्न से बुद्धि, कीर्ति, सदगति, विभूति (ऐश्वर्य) और भलाई पायी है, सो सब सत्संग का ही प्रभाव समझना चाहिए। वेदों और लोक में इनकी प्राप्ति का दूसरा कोई उपाय नही है।
सत्संग सिद्धि का प्रथम सोपान है। सत्संगति बुद्धि की जड़ता नष्ट करती है, वाणी को सत्य से सींचती है। पुण्य बढ़ाती है, पाप मिटाती है, चित्त को प्रसन्नता से भर देती है, परम सुख के द्वार खोल देती है।
एक दासी पुत्र संतों की संगति पाकर देवर्षि नारद बन गये। एक तुच्छ कीड़ा महर्षि वेदव्यासजी की कृपा से मैत्रेय ऋषि बने। शबरी भीलन मतंग ऋषि की कृपा पाकर महान हो गयी। सत्संगति से महान बनने के ऐसे अनेकों उदाहरण शास्त्रों एवं इतिहास में भरे पड़े हैं।
प्रार्थना और पुकार से भावनाओं का विकास होता है, भावबल बढ़ता है। प्राणायाम से प्राणबल बढ़ता है, सेवा से क्रिया बल बढ़ता है और सत्संग से समझ बढ़ती है।
मनुष्य अपनी बुद्धि से ही प्रत्येक बात का निश्चय नहीं कर सकता। बहुत सी बातों के लिए उसे श्रेष्ठ मतिसम्पन्न मार्गदर्शक एवं समर्थ आश्रयदाता चाहिए। यह सत्संगति से ही सुलभ है।

संत कबीर साहब के शब्दों में:-

बहे बहाये जात थे, लोक वेद के साथ।
रस्ता में सदगुरु मिले, दीपक दीन्हा हाथ।।

सदगुरु भवसागर के प्रकाश-स्तम्भ होते हैं। उनके सान्निध्य से हमें कर्तव्य-अकर्तव्य का ज्ञान होता है। कहा भी गया है;

"सतां संगो हि भेषजम्।"
'संतजनों की संगति ही औषधि है।'

अनेक मनोव्याधियाँ सत्संग से नष्ट हो जाती हैं। संतजनों के प्रति मन में स्वाभाविक अनुराग-भक्ति होने से मनुष्य में उनके सदगुण स्वाभाविक रूप से आने लगते हैं। साधुपुरुषों की संगति से मानस-मल धुल जाता है, इसलिए संतजनों को चलता फिरता तीर्थ भी कहते हैं; तीर्थभूता हि साधवः।

मुदमंगलमय संत समाजू। जिमि जग जंगम तीरथराजू।।

'संतों का समाज आनंद और कल्याणमय है, जो जगत में चलता फिरता तीर्थराज है।'
सत्संगति कल्याण का मूल है और कुसंगति पतन का। कुसंगति पहले तो मीठी लगती है पर इसका फल बहुत ही कड़वा होता है।
पवन के संग से धूल आकाश में ऊँची चढ़ जाती है और वही नीचे की ओर बहने वाले जल के संग से कीचड़ में मिल जाती है यह संग का ही प्रभाव है। दुर्जनों के प्रति आकर्षित होने से मनुष्य को अंत में धोखा ही खाना पड़ता है। कुसंगति से आत्मनाश, बुद्धि-विनाश होना अनिवार्य है। दुर्जनों के बीच में मनुष्य की विवेकशक्ति उसी प्रकार मंद हो जाती है, जैसे अंधकार में दृष्टि।
बहुत से अयोग्य व्यक्ति मिलकर भी आत्मोद्धार का मार्ग उसी प्रकार नहीं ढूँढ सकते, जैसे सौ अंधे मिलकर देखने में समर्थ नहीं हो सकते। कुसंगति से व्यक्ति परमार्थ के मार्ग से पतित हो जाता है।

अंधे को अंधा मिले, छूटै कौन उपाय।

कुसंगति के कारण मनुष्य को समाज में अप्रतिष्ठा और अपकीर्ति मिलती है।
दुर्जनों की संगति से सज्जन भी अप्रशंसनीय हो जाते है। अतः कुसंगति का शीघ्रातिशीघ्र परित्याग करके सदा सत्संगति करनी चाहिए।
।। जय गुरु ।।
शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

महात्मा बनने के मार्ग में मुख्य विध्न | Mahatma banne ke marg me mukhya vighan | Santmat-Satsang | SANTMEHI | SADGURU MEHI

महात्मा बनने के मार्ग में मुख्य विघ्न!

ज्ञानी, महात्मा और भक्त कहलाने तथा बनने के लिए  तो प्राय: सभी इच्छा करते है, परन्तु उसके लिए सच्चे हृदय से साधन करने वाले लोग बहुत कम है। साधन करने वालों में भी परमात्मा के निकट कोई बिरले ही पहुँचता है; क्योकि राह में ऐसी बहुत सी विपद-जनक घाटियाँ आती है जिनमे फसकर साधक गिर जाते है। उन घाटियों में ‘कन्चन; और ‘कामिनी’ ये दो घाटियाँ बहुत ही कठिन है, परन्तु इनसे भी कठिन तीसरी घाटी मान-बड़ाई और ईर्ष्या की है। किसी कवि ने कहा है:-

कंच्चन तजना सहज है, सहज त्रिया का नेह।
मान बड़ाई ईर्ष्या, दुर्लभ तजना येह।।

इन तीनो में सबसे कठिन है बड़ाई। इसी को कीर्ति, प्रशंसा, लोकेष्णा आदि कहते है। शास्त्र में जो तीन प्रकार की त्रष्णा (पुत्रैष्णा, लोकैष्णा और वित्तेष्णा) बताई गयी है। उन तीनो में लोकैष्णा ही सबसे बलवान है। इसी लोकैष्णा के लिए मनुष्य धन, धाम, पुत्र, स्त्री और प्राणों का भी त्याग करने के लिए तैयार हो जाता है।

जिस मनुष्य ने संसार में मान-बड़ाई और प्रतिष्ठा का त्याग कर दिया, वही महात्मा है और वही देवता और ऋषियों द्वारा भी पूजनीय है। साधू और महात्मा तो बहुत लोग कहलाते है किन्तु उनमे मान-बड़ाई और प्रतिष्ठा का त्याग करने वाला कोई विरला ही होता है। ऐसे महात्माओं की खोज करने वाले भाइयों को इस विषय का कुछ अनुभव भी होगा।

हम लोग पहले जब किसी अच्छे पुरुष का नाम सुनते है तो उनमे श्रद्धा होती है पर उनके पास जाने पर जब हमें उनमें मान-बड़ाई, प्रतिष्ठा दिखलाई देती है, तब उन पर हमारी वैसी श्रद्धा नहीं ठहरती जैसी उनके गुण सुनने के समय हुई थी। यद्यपि अच्छे पुरुषों में किसी प्रकार भी दोषदृष्टि करना हमारी भूल है, परन्तु स्वभाव दोष से ऐसी वृतियाँ होती हुई प्राय: देखि जाती है और ऐसा होना बिलकुल निराधार भी नहीं है। क्योकि वास्तव में एक ईश्वर के सिवा बड़े-से-बड़े गुणवान पुरुषों में भी दोष का कुछ मिश्रण रहता ही है। जहाँ बड़ाई का दोष आया की झूठ, कपट और दम्भ को स्थान मिल जाता है तो अन्यान्य दोषों के आने को सुगम मार्ग मिल जाता है। यह कीर्ति रूप दोष देखने में छोटा सा है परन्तु यह केवल महात्माओं को छोड़कर अन्य अच्छे-से-अच्छे पुरुषों में भी सूक्ष्म और गुप्तरूप से रहता है। यह साधक को साधन पथ से गिरा कर उसका मूलोच्छेदन कर डालता है।
—श्रद्धेय जयदयाल गोयन्दका सेठजी, तत्त्वचिंतामणि पुस्तक से, गीताप्रेस गोरखपुर
☘


सब कोई सत्संग में आइए | Sab koi Satsang me aaeye | Maharshi Mehi Paramhans Ji Maharaj | Santmat Satsang

सब कोई सत्संग में आइए! प्यारे लोगो ! पहले वाचिक-जप कीजिए। फिर उपांशु-जप कीजिए, फिर मानस-जप कीजिये। उसके बाद मानस-ध्यान कीजिए। मा...